इज़रायल: तेल अवीव में एंटी-वॉर प्रदर्शन, पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

इजरायल-ईरान युद्ध के खिलाफ तेल अवीव के हबीमा स्क्वायर में शनिवार शाम को बड़ा युद्ध-विरोधी प्रदर्शन हुआ. सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने ‘स्टॉप द वॉर’ और ‘डिसआर्म इज़रायल फर्स्ट’ जैसे नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार क्षेत्र में लगातार युद्ध फैला रही है. 

ईरान के जवाबी हमलों से इजरायल के नागरिकों में भय का माहौल है. प्रदर्शनकारियों के मुताबिक गाजा, लेबनान और अब ईरान, चारों तरफ युद्ध से इजरायली जनता परेशान हो चुकी है.

वहीं, पुलिस ने होम फ्रंट कमांड के सुरक्षा निर्देश का हवाला देते हुए प्रदर्शन को ‘अवैध’ करार दिया और प्रदर्शनकारियों को धक्का-मुक्की करके तितर-बितर कर दिया. झड़प में कई लोग घायल हुए और करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया. हाइफा समेत देश के अन्य शहरों में भी इसी तरह के छोटे-बड़े प्रदर्शन हुए, जहां पुलिस ने इसी तरह कार्रवाई की.

इजरायली मीडिया हारेत्ज़ के अनुसार, हाल के हफ्तों में पुलिस ने एंटी-वार प्रदर्शनों को बार-बार दबाने की कोशिश की है. वहीं, आरटी और अल जजीरा जैसी मीडिया ने इसे ‘अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन’ बताया. यह प्रदर्शन दर्शाता है कि युद्ध के विस्तार से इजराइल की जनता में बढ़ता असंतोष अब सड़कों पर आ रहा है.

विश्लेषकों का मानना है कि अगर युद्ध लंबा खिंचा तो घरेलू विरोध और मजबूत हो सकता है. फिलहाल सरकार ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ का हवाला देकर प्रदर्शनों को सीमित करने पर अड़ी हुई है.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने