इजराइल का दावा: एयरस्ट्राइक में ईरान के नौसेना कमांडर की मौत

इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. इजराइली मीडिया ने दावा किया है कि उसने ईरान के नौसेना कमांडर रियर एडमिरल अलीरेजा तंगसीरी को एक हवाई हमले में मार गिराया है. हालांकि, इस दावे की अब तक ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में किया गया, जो रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. अलीरेजा तंगसीरी ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के प्रमुख थे और उन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में ईरान की सैन्य गतिविधियों का प्रमुख जिम्मेदार माना जाता था.

इजराइल के रक्षा मंत्री ने दावा किया कि तंगसीरी उन सैन्य कार्रवाइयों में शामिल थे, जिनके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को बाधित किया गया था. यह जलडमरूमध्य दुनिया के लिए बेहद अहम है क्योंकि यहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है. ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है.

बताया जा रहा है कि इस हमले में अन्य वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारी भी मारे गए हैं. इजराइल ने इसे अमेरिका के साथ मिलकर क्षेत्र में समुद्री मार्ग को सुरक्षित करने की रणनीति का हिस्सा बताया है. हालांकि, ईरान ने अभी तक इस हमले या कमांडर की मौत की पुष्टि नहीं की है, जिससे इस खबर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने