ISRO Recruitment 2026: इसरो भर्ती नियमों में बड़ा फेरबदल, बढ़ीं रिक्तियां और आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ी

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में काम करने की चाह रखने वाले उम्मीदवारों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। इसरो के केंद्रीय भर्ती बोर्ड (ICRB) ने अपने जारी विज्ञापन संख्या ISRO:ICRB:01(A-JPA):2026 के संदर्भ में एक नया विस्तृत शुद्धि-पत्र (Corrigendum) जारी किया है। इस नए नोटिफिकेशन के ज़रिए संगठन ने विभिन्न ज़ोन की रिक्तियों, कट-ऑफ मार्क्स, चयन मानदंडों और EWS वर्ग की पात्रता में कई महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं। इसके साथ ही जो उम्मीदवार किसी कारणवश अब तक अपना ऑनलाइन फॉर्म जमा नहीं कर पाए थे, उनके लिए आवेदन की अंतिम तारीख को बढ़ा दिया गया है। यदि आप भी इस भर्ती में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, तो इन सभी बदलावों को विस्तार से समझना आवश्यक है।

ISRO Recruitment 2026: इसरो भर्ती में बड़ा फेरबदल, पदों की संख्या बढ़ी और आवेदन तिथि में विस्तार!

रिक्तियों का पुनर्वगीकरण: जानें किस ज़ोन में कितनी सीटें बढ़ीं

इसरो द्वारा जारी नए शुद्धि-पत्र के तहत बेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम ज़ोन में प्रशासनिक पदों की संख्या और श्रेणियों के आवंटन को अपडेट किया गया है।

बेंगलुरु ज़ोन में सहायक (Assistant) के पदों को संशोधित करके अब कुल 28 कर दिया गया है। इसमें अनारक्षित (UR) श्रेणी के लिए 14, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 4, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 3, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 6 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 1 पद आवंटित है। बेंगलुरु ज़ोन में ध्यान देने योग्य बात यह है कि अनुसूचित जाति का 1 और अनुसूचित जनजाति का 1 पद बैकलॉग रिक्ति के रूप में शामिल है।

तिरुवनंतपुरम ज़ोन में सहायकों की कुल संख्या बढ़ाकर 26 कर दी गई है। इस ज़ोन में 7 पद अनुसूचित जाति और 1 पद अनुसूचित जनजाति के बैकलॉग के रूप में रखे गए हैं।

प्रवर श्रेणी लिपिक (Upper Division Clerk - UDC) के बेंगलुरु ज़ोन में अब कुल 23 पद कर दिए गए हैं। विशेष बात यह है कि इसमें 1 अनारक्षित पद नई दिल्ली स्थित अंतरिक्ष विभाग (DOS) के शाखा सचिवालय में पोस्टिंग के लिए तय किया गया है। कनिष्ठ वैयक्तिक सहायक (JPA) के बेंगलुरु ज़ोन में कुल 19 पद और आशुलिपिक (Stenographer) के 10 पद निर्धारित हैं।

कनिष्ठ वैयक्तिक सहायक और स्टेनो के लिए नई शैक्षणिक योग्यता

कनिष्ठ वैयक्तिक सहायक और आशुलिपिक (पद संख्या 2, 4 एवं 6) के पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के मानकों को संशोधित कर और स्पष्ट किया गया है।

अब नए नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय द्वारा घोषित न्यूनतम 60% अंकों के साथ स्नातक की डिग्री या 10-प्वाइंट स्केल पर 6.32 का CGPA होना अनिवार्य है। यह पूर्व-शर्त भी रखी गई है कि स्नातक की पढ़ाई विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम की अवधि के भीतर ही पूरी हुई हो।

व्यावसायिक अथवा सचिवालियीन कार्य (Commercial/Secretarial Practice) में डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थी भी इस भर्ती के पात्र होंगे, बशर्ते उन्होंने न्यूनतम 60% अंक या 6.32 CGPA हासिल किया हो और पाठ्यक्रम की निर्धारित अवधि के दौरान ही स्टेनो-टाइपिस्ट या आशुलिपिक के रूप में कम से कम 1 वर्ष का कार्य अनुभव प्राप्त किया हो।

इसके अलावा सभी योग्य उम्मीदवारों को अंग्रेजी आशुलिपि (English Stenography) में न्यूनतम 60 शब्द प्रति मिनट की स्पीड होना आवश्यक है और कंप्यूटर संचालन में दक्षता होना अनिवार्य है।

चयन प्रक्रिया एवं क्वालीफाइंग मार्क्स में EWS वर्ग के लिए स्पष्ट निर्देश

इस नए शुद्धि-पत्र में लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा के क्वालिफाइंग अंकों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है।

लिखित परीक्षा में पास होने के लिए अनारक्षित (UR) और EWS श्रेणी के अभ्यर्थियों को परीक्षा के सभी भागों (Part A, B, C & D अथवा Part A, B & C) में न्यूनतम 50% अंक प्राप्त करने होंगे। जबकि अन्य आरक्षित श्रेणियों जैसे OBC, SC, ST, PwBD और भूतपूर्व सैनिकों के लिए न्यूनतम कट-ऑफ 40% रखा गया है।

कौशल परीक्षा (Skill Test) और कंप्यूटर साक्षरता परीक्षा (Computer Literacy Test) के दौरान अनारक्षित और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को उत्तीर्ण होने के लिए कम से कम 60% अंक लाने होंगे, जबकि आरक्षित श्रेणियों के लिए यह पात्रता सीमा 50% तय की गई है।

आशुलिपि परीक्षा (Stenography Test) के दौरान अनारक्षित और EWS श्रेणी के अभ्यर्थियों को अधिकतम 10% त्रुटियों (Mistakes) की अनुमति दी जाएगी, वहीं अधिसूचित आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम 12% गलतियों की छूट रखी गई है।

ऑनलाइन आवेदन और फीस भुगतान की अंतिम तिथि बढ़ी

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन करने से चूक गए अभ्यर्थियों के लिए इसरो ने राहत भरी खबर दी है। सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि और फीस भुगतान की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 20 अगस्त 2026 तक कर दिया गया है।

संगठन ने स्पष्ट किया है कि मूल विज्ञापन में बताई गई अन्य सभी नियम, शर्तें और पात्रता मानदंड बिना किसी बदलाव के यथावत रहेंगे। जो भी उम्मीदवार इस भर्ती के लिए योग्य हैं, वे अंतिम समय के सर्वर लोड से बचने के लिए तुरंत इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

A K

Founding Editor

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने