.png)
NEET UG 2026 Fee Refund: अब 31 जुलाई तक अपडेट करें बैंक डिटेल्स
एनटीए द्वारा जारी सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा दी थी, वे अपने परीक्षा शुल्क के रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी अब 31 जुलाई 2026 की रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन जमा या अपडेट कर सकते हैं।दरअसल, 3 मई की परीक्षा रद्द होने के बाद एनटीए ने पात्र उम्मीदवारों को फीस रिफंड करने का फैसला किया था। डाटा के अनुसार, 14 जुलाई 2026 तक लगभग 11,46,401 उम्मीदवारों ने ही पोर्टल पर अपने बैंक खाते का विवरण सफलतापूर्व सत्यापित या अपडेट किया है। चूंकि परीक्षा में 20 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे, इसलिए अभी भी लाखों छात्रों ने अपने बैंक खाते की जानकारी साझा नहीं की है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र उम्मीदवार इस लाभ से वंचित न रह जाए, इसी उद्देश्य से इस डेडलाइन को 31 जुलाई तक बढ़ाया गया है।
फीस रिफंड के लिए बैंक अकाउंट डिटेल्स अपडेट करने का तरीका बेहद आसान है। सबसे पहले नीट की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं और अपने एप्लीकेशन नंबर तथा पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें। सुरक्षा के लिए आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर एक ओटीपी (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) आएगा, उसे दर्ज कर वेरिफिकेशन पूरा करें। इसके बाद पोर्टल पर दिख रहे बैंक अकाउंट डिटेल्स अपडेट या वेरीफाई वाले लिंक पर क्लिक करें। यहाँ अपना अकाउंट नंबर, आईएफएससी कोड, बैंक का नाम और खाताधारक का नाम बिल्कुल सही-सही भरें। विवरण को दोबारा जांच लें और फाइनल सबमिट कर दें। ध्यान रहे कि एनटीए ने सख्त हिदायत दी है कि बैंक डिटेल्स को एक बार फाइनल सबमिट करने के बाद दोबारा सुधार का कोई मौका नहीं मिलेगा, इसलिए अत्यंत सावधानी से जानकारी भरें।
NTA ने जारी की री-नीट (Re-NEET) की OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स
फीस रिफंड के अलावा, एनटीए ने 21 जून 2026 को आयोजित नीट यूजी पुनरीक्षा की स्कैन की गई ओएमआर उत्तर पुस्तिका और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स भी आधिकारिक रूप से अपलोड कर दिए हैं। यह पुनरीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई थी, जिसमें देश भर के 20 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हुए थे। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए एनटीए ने ओएमआर शीट की स्कैन कॉपी उनके पंजीकरण के समय दिए गए पंजीकृत ईमेल पते पर भी भेज दी है।ओएमआर आंसर शीट डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर विजिट करें। इसके बाद अपने लॉगिन क्रेडेंशियल (आवेदन संख्या और पासवर्ड) दर्ज करें और ओटीपी वेरिफिकेशन प्रक्रिया को पूरा करें। लॉगिन होने के बाद डैशबोर्ड पर ओएमआर शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स देखने या चैलेंज करने वाले विकल्प पर क्लिक करें। अब आप अपनी ओएमआर शीट की स्कैन इमेज आसानी से देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
OMR शीट के उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का प्रोसेस
यदि किसी उम्मीदवार को अपने रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स या ओएमआर डेटा में कोई विसंगति या अंतर दिखाई देता है, तो वह एनटीए के समक्ष ऑनलाइन चुनौती दर्ज करा सकता है। ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा 13 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। असंतुष्ट उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ही अपनी चुनौती सबमिट कर सकते हैं।प्रति प्रश्न या रिस्पॉन्स को चैलेंज करने के लिए 200 रुपये का गैर-रिफंडेबल प्रोसेसिंग शुल्क देना होगा। इस शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यमों जैसे डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए ही किया जा सकता है। एनटीए ने साफ किया है कि यदि उम्मीदवार की आपत्ति जांच के बाद सही पाई जाती है, तो उनके द्वारा दी गई प्रोसेसिंग फीस को वापस कर दिया जाएगा। तय तारीख के बाद या बिना प्रोसेसिंग फीस के कोई भी चैलेंज स्वीकार नहीं होगा।