जमुई जैसा कांड अब समस्तीपुर में: सुनसान सड़क पर लड़की से छेड़खानी, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिहार के समस्तीपुर जिले से जमुई जैसी ही एक दिल दहला देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर स्थित बांध बाईपास रोड पर एक लड़के के साथ जा रही लड़की को स्थानीय युवकों ने घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने लड़की के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ मरोड़ा, छेड़खानी और बैड-टच किया। आरोपियों ने इस पूरी करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

जमुई जैसा कांड अब समस्तीपुर में: सुनसान सड़क पर लड़की से छेड़खानी, पुलिस ने 6 घंटे में 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

वीडियो सामने आते ही पुलिस और स्थानीय जन-प्रतिनिधियों ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर घटना में शामिल सभी 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी का कड़ा बयान: 'सुरक्षा से कोई समझौता नहीं'

घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी ने आधिकारिक बयान जारी कर इस वारदात की कड़ी निंदा की है। सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि कर्पूरीग्राम में हमारी बहन के साथ हुई बदसलूकी की घटना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें देर रात इस घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत पुलिस अधीक्षक (SP) और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में आईं और दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करने को कहा। सांसद ने स्पष्ट किया कि समस्तीपुर की बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए वे लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि बच्ची की गरिमा और पहचान की रक्षा के लिए वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर या प्रसारित न करें।

फोटो खिंचवाने के दौरान युवकों ने घेरा, की अभद्रता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने एक परिचित लड़के के साथ सड़क मार्ग से गुजर रही थी। रास्ते में बांध के पास रुककर जब वे तस्वीरें ले रहे थे, तभी स्थानीय कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। युवकों ने जबरदस्ती करते हुए गाली-गलौज की, लड़की का हाथ मरोड़ा और अमर्यादित व्यवहार किया।

इस वारदात का वीडियो 23 सितंबर की शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही समस्तीपुर Town Media से हुई बातचीत में SP अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को बेहद संवेदनशील बताते हुए कहा कि किसी भी दोषी को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 6 घंटे में दबोचे गए 4 आरोपी

SP अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर सोशल मीडिया निगरानी टीम और कर्पूरीग्राम पुलिस ने तत्काल तकनीकी सत्यापन शुरू किया। घटनास्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर स्थित बांध रोड के रूप में हुई। यह वारदात लगभग एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता और पीड़िता के नाबालिग होने की संभावना को देखते हुए कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने 6 घंटे के भीतर चारों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान शामिल हैं।

पहचान उजागर न करने की पुलिस और सांसद की अपील

सांसद शांभवी चौधरी और समस्तीपुर पुलिस दोनों ने ही मीडिया बंधुओं व सोशल मीडिया यूजर्स से संवेदनशील होने की अपील की है। पुलिस ने साफ किया है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाला कोई भी फोटो, वीडियो या कंटेंट शेयर करना कानूनन संज्ञेय अपराध (Cognizable Offence) की श्रेणी में आता है। ऐसा करने वालों पर भी पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

A K

Founding Editor

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने